कोटा। 132वें राष्ट्रीय मेला दशहरा- 2025 का औपचारिक समापन शुक्रवार शाम 8 बजे विजयश्री रंगमंच पर किया जाएगा। दशहरा मेला एवं अन्य उत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष विवेक राजवंशी ने बताया कि समापन समारोह के मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला होंगे।
वहीं शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, विधायक शांति धारीवाल, संदीप शर्मा तथा कल्पना देवी भी उपस्थित रहेंगे। मुख्य अतिथि बिरला मेला समापन की औपचारिक उद्घोषणा के बाद ध्वज अवतरण करेंगे। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों, अधिकारियों, संवेदकों, दुकान, स्टॉल, झूला संचालकों का सम्मान भी किया जाएगा। इसके बाद श्रीराम रंगमंच प्रांगण से भव्य आतिशबाजी की जाएगी।
राजवंशी ने बताया कि इस बार राष्ट्रीय मेला दशहरा को दुनिया के 34 देशों में लाइव देखा गया। यूट्यूब पर हो रहे सीधे प्रसारण में गत बार 25 देशों तक राष्ट्रीय मेला दशहरा की पहुंच थी। जो इस बार बढ़कर 34 देशों तक हो गई है। इस दौरान देश के 750 से अधिक गांव, शहर, कस्बे सोशल मीडिया के द्वारा राष्ट्रीय मेला दशहरा से जुड़े। वहीं 12 लाख घंटे तक वॉच टाइम रिकॉर्ड किया गया है। दशहरा मेले में रावण दहन के दिन 2 लाख 25 हजार लोगों ने एक साथ रावण दहन को देखा। इस बार तकरीबन एक महीने में 6500 से अधिक सब्सक्राइबर नए जुड़े हैं।
500 से अधिक स्वदेशी ड्रोन करेंगे आसमान को रोशन
132वें राष्ट्रीय दशहरा मेला- 2025 के अंतर्गत शुक्रवार को विजयश्री रंगमंच पर शाम 7 बजे ड्रोन शो आयोजित किया जाएगा। मेला समिति अध्यक्ष विवेक राजवंशी ने बताया कि शो में 500 से अधिक ड्रोन आसमान को रोशन करेंगे। जो अद्भुत प्रदर्शन से रोमांच पैदा करेंगे। प्रदर्शन की 5 किलोमीटर दूर से ही 3D इमेज दिखाई देगी। शो में ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय जांबाज सैनिकों की वीरता और शौर्य दिखाई देगा। वहीं रामायण की यशोगाथा का भव्य चित्रण होगा।
मेले की अवधि दो दिन बढ़ाई
132वें राष्ट्रीय दशहरा मेला में दुकानों के लिए दो दिन का समय बढ़ा दिया गया है। दशहरा मेला एवं अन्य उत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष विवेक राजवंशी ने बताया कि मेले के शुरु होने के बाद तीन दिन तक लगातार वर्षा से व्यापार बाधित होता रहा। ऐसे में, व्यापारियों के द्वारा मेला अवधि बढ़ाने की मांग की जा रही थी। वहीं धनतेरस पर खरीदारी को लेकर जनता की ओर से भी यह राय व्यक्त की जा रही थी। जिसे देखते हुए मेला अवधि 2 दिन के लिए बढ़ा दी गई है। अब व्यापारी धनतेरस के दिन भी खुलकर व्यापार कर पाएंगे। वही लोगों को भी मेले में खरीददारी करने का अवसर मिल सकेगा। मेला अवधि के दौरान दिए गए संसाधनों के साथ ही अतिरिक्त दिन में व्यापार हो सकेगा। इस दौरान सभी सुविधाएं सुचारु रहेंगी।
बाल प्रतिभा कार्यक्रम कल
राष्ट्रीय दशहरा मेला 2025 में 18 अक्टूबर को शाम 7 बजे से विजयश्री रंगमंच पर बाल प्रतिभा कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। जिसमें नन्हें मुन्ने बच्चों के द्वारा विभिन्न प्रस्तुतियां दीं जाएंगी। उल्लेखनीय है कि 5 अक्टूबर को बाल प्रतिभा कार्यक्रम आयोजित किया गया था। जिसमें वर्षा आ जाने से व्यवधान के चलते 47 बच्चों की ही प्रस्तुतियां हो सकीं थीं। अब शेष सभी बच्चों की प्रस्तुतियां 18 अक्टूबर को विजयश्री रंगमंच पर होगी। मेला समिति अध्यक्ष विवेक राजवंशी ने बताया कि मेला की अवधि बढ़ाने के निर्णय के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम कराने का भी निर्णय लिया गया है।

