आईएमए का नया भवन बनेगा नवाचार और सेवा का केंद्र: स्पीकर बिरला

0
6

कोटा। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) कोटा शाखा द्वारा केडीए से आवंटित नई भूमि पर गुरुवार को भूमि पूजन एवं शिलान्यास समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विधिवत शिलान्यास कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. निलेश जैन (प्राचार्य एवं नियंत्रक, चिकित्सा महाविद्यालय कोटा) उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता आईएमए कोटा के अध्यक्ष डॉ. के.सी. श्रृंगी ने की।

मुकुंदरा विहार स्थित स्थल पर आयोजित समारोह में पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अशोक शारदा, डॉ. के.के. पारीक, डॉ. मोहन मंत्री, मीनाक्षी शारदा, डॉ. अमित व्यास, डॉ. जे कि सिंघवी, डॉ एस एन सोनी, डॉ आर पी मीना, डॉ समीर मेहता सहित अनेक चिकित्सक एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

आईएमए कोटा के सचिव डॉ. मनीष बोहरा ने बताया कि प्रस्तावित भवन चिकित्सकों की गतिविधियों के विस्तार के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अशोक शारदा ने बताया कि लगभग 1500 वर्गमीटर का भूखंड पूर्व मंत्री शांति धारीवाल के कार्यकाल में प्राप्त हुआ था, जिसे लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के प्रयासों से अंतिम रूप मिला।

इस अवसर पर ओम बिरला ने कहा कि प्रस्तावित आईएमए भवन केवल एक संरचना नहीं, बल्कि कोटा के चिकित्सा क्षेत्र को नई दिशा देने वाला केंद्र होगा। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों ने सेवा, समर्पण और संवेदनशीलता के साथ समाज को स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, जिसका उदाहरण कोरोना काल में देखने को मिला।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह भवन नवाचार, चिकित्सा विमर्श और सामाजिक सेवा का केंद्र बनेगा तथा ग्रामीण एवं जरूरतमंद क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में सहायक होगा। साथ ही कोटा को शिक्षा के साथ एक सशक्त मेडिकल हब के रूप में विकसित करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।