अवैध ई-टिकट कारोबार का भंडाफोड़, 84 उपयोग किए गए ई-टिकटों का खुलासा

0
9

कोटा। कोटा मंडल में रेलवे सुरक्षा बल द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन “उपलब्ध” के अंतर्गत अवैध रूप से रेल ई-टिकटों के व्यापार में संलिप्त एक व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। यह कार्रवाई कोटा पोस्ट द्वारा प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर की गई।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि देवली मांझी, कोटा स्थित पवन ई-मित्र की दुकान पर अवैध रूप से ई-टिकटों का व्यापार किया जा रहा था।

सूचना के सत्यापन हेतु उप निरीक्षक सुमित रघुवंशी एवं उप निरीक्षक सूरज सिंह परमार द्वारा एक आरक्षक को बोगस ग्राहक बनाकर उक्त दुकान पर भेजा गया।

जांच के दौरान दुकान पर कार्यरत कर्मचारी द्वारा अपनी निजी यूजर आईडी के माध्यम से दो रेल आरक्षित ई-टिकट तैयार किए गए तथा प्रति टिकट 50 रुपये अतिरिक्त कमीशन लिया गया।

सत्यापन उपरांत टीम द्वारा दुकान पर पहुंचकर संबंधित व्यक्ति से पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह अपनी निजी यूजर आईडी से टिकट तैयार कर अतिरिक्त राशि वसूलता था तथा उसके पास कोई वैध अधिकृत एजेंट आईडी नहीं थी।

मामले को रेल अधिनियम की धारा 143 का उल्लंघन पाए जाने पर शुभम धाकड़, उम्र 22 वर्ष, निवासी कोटा के विरुद्ध विधि अनुसार कार्रवाई की गई। उसके कब्जे से 375 रुपये मूल्य के दो आरक्षित ई-टिकट तथा टिकट बनाने में प्रयुक्त कंप्यूटर सिस्टम जब्त किया गया।

साइबर सेल भोपाल से प्राप्त डाटा के अनुसार उक्त यूजर आईडी से कुल 84 उपयोग किए गए ई-टिकट बनाए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 20,061 रुपये पाई गई। इस संबंध में प्रकरण धारा 143 रेल अधिनियम के अंतर्गत 25 फरवरी 2026 को मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी गई है।