नई दिल्ली। अमेरिका और ईरान के बीच आज शांति वार्ता होनी है। यह बातचीत पाकिस्तान में होगी। इस बातचीत से पहले ही क्रिप्टोकरेंसी मार्केट में तेजी दिखाई दे रही है। ग्लोबल मार्केट कैप 1.25% से ज्यादा उछल गया है। वहीं बिटकॉइन फिर से 73 हजार डॉलर के आंकड़े को पार कर गया। दूसरी ओर Zcash का भी ताबड़तोड़ रिटर्न जारी है। इस क्रिप्टोकरेंसी ने 7 दिन में 50 फीसदी से ज्यादा रिटर्न दिया है।
शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे ग्लोबल क्रिप्टो मार्केट कैप पिछले 24 घंटे में 1.32% उछलकर 2.47 ट्रिलियन डॉलर हो गया। वहीं फीयर एंड ग्रीड इंडेक्स में भी जबरदस्त तेजी आई है। यह इस समय 50 पर पहुंच गया है, जो दिखाता है कि क्रिप्टो बाजार में स्थिति न्यूट्रल बनी हुई है, जो दिखाता है कि निवेशकों में डर का माहौल लगभग खत्म हो गया है। यह इंडेक्स पिछले हफ्ते 30 पर था।
पिछले 24 घंटे में बिटकॉइन में भी जबरदस्त तेजी आई है। यह करीब 1.50% उछलकर 72,964 डॉलर पर पहुंच गया है। सुबह करीब 9 बजे यह 73 हजार डॉलर के आंकड़े को पार कर गया था। बाद में मामूली गिरावट आई। वहीं एक हफ्ते में बिटकॉइन में 9 फीसदी से ज्यादा की तेजी आई है। पिछले हफ्ते यह ज्यादातर समय 70 हजार डॉलर के ऊपर बना रहा।
बाकी क्रिप्टो का हाल
- इथेरियम करीब 2.45% की तेजी के साथ 2241 डॉलर पर थी।
- रिपल में एक फीसदी से कुछ कम तेजी रही। यह 1.35 डॉलर पर कारोबार कर रही है।
- बाइनेंस करीब 1% की तेजी के साथ 607 डॉलर पर है।
- सोलाना में भी करीब 2 फीसदी की तेजी देखी गई। यह करीब 85 डॉलर पर है।
- हाइपरलिक्विड 4 फीसदी से ज्यादा की तेजी के साथ करीब 42 डॉलर पर है।
Zcash में जबरदस्त रिटर्न
जीकैश (Zcash) कॉइन में पिछले कुछ समय से जबरदस्त तेजी देखी जा रही है। पिछले 24 घंटे में इसमें 1.23% का उछाल आया है। इस तेजी के साथ यह कॉइन 372.47 डॉलर पर कारोबार कर रहा है। वहीं पिछले 7 दिनों में इसने करीब 58 फीसदी रिटर्न दिया है। यानी एक हफ्ते में ही इसने 1 लाख रुपये के निवेश को डेढ़ लाख रुपये से ज्यादा में बदल दिया है।

