कोटा-बारां में ब्लॉक स्तरीय प्रवेशोत्सव अभियान कल से
कोटा। शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा 696 आर कोटा-बारां संचालक मंडल की बैठक में आगामी प्रवेश उत्सव को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि इस वर्ष प्रवेश उत्सव को सफल बनाने में राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड को साथ लेकर शिक्षा सहकारी सक्रिय और अग्रणी भूमिका निभाएगी।
संस्था अध्यक्ष प्रकाश जायसवाल ने बताया कि अधिक से अधिक बच्चों को सरकारी विद्यालय से जोड़ना उनका मुख्य उद्देश्य रहेगा। उपाध्यक्ष महेंद्र नागर ने बताया कि मीटिंग में लिए गए निर्णयानुसार विद्यालयों में प्रवेश लेने वाले नए विद्यार्थियों का स्वागत विशेष कार्यक्रमों के माध्यम से किया जाएगा।
इसके लिए शिक्षकों, अभिभावकों और स्वयंसेवकों को जोड़ते हुए एक समन्वित अभियान चलाया जाएगा। शिक्षा सहकारी द्वारा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जागरूकता रैलियां, घर-घर संपर्क अभियान और प्रेरक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।
मंत्री जमनालाल गुर्जर एवं डायरेक्टर गायत्री मीणा ने बताया कि शिक्षा का अधिकार हर बच्चे का मूल अधिकार है और इसे सुनिश्चित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। अंत में अध्यक्ष प्रकाश जायसवाल ने सभी सदस्यों से अपील की कि वे इस अभियान को जन-आंदोलन का रूप दें और अधिक से अधिक लोगों को इसमें शामिल करें।
शिक्षा सहकारी का यह प्रयास निश्चित रूप से प्रवेश उत्सव को सफल बनाने के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण साबित होगा। बोर्ड बैठक में पदाधिकारियों के अलावा बारां प्रबंध संचालक राज मल मीणा, डायरेक्टर कमल कुमार शर्मा, दिनेश कुमार मीणा, रवि प्रकाश गौतम, अनुराधा शर्मा , शिवराज गोचर, दिनेश कुमार नागर, धर्मेंद्र मेघवाल प्रमुख रूप से मौजूद थे।
इस तरह चलेगा अभियान
अध्यक्ष प्रकाश जायसवाल एवं मंत्री जमनालाल गुर्जर ने बताया कि अभियान के तहत 8 अप्रैल को रामगंजमंडी में 9 अप्रैल को सुल्तानपुर ब्लॉक के बंबोरी में एवं 10 अप्रैल को कोटा शहर ब्लॉक के नयागांव स्कूल में ब्लॉक स्तरीय प्रवेशोत्सव कार्यक्रम आयोजित होगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रमों को सफल बनाने हेतु राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड स्थानीय संघ रामगंजमंडी सचिव दयाल सिंह, सुल्तानपुर सचिव इंद्रराज दाधीच एवं कोटा दक्षिण सह उदय सिंह गुर्जर को संयोजक बनाया गया है।

