बारां। अंता विधानसभा उपचुनाव में जनता ने कांग्रेस के पक्ष में फैसला दिया है। कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद जैन भाया यहां पर 15 हजार से ज्यादा वोटों से विजयी हुए है। प्रमोद जैन भाया को 69571 वोट मिले, जबकि बीजेपी के मोरपाल सुमन को 53959 वोट और निर्दलीय प्रत्याशी नरेश मीणा को 53800 वोट मिले।
चुनाव में जीत के बाद प्रमोद जैन भाया ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह चुनावी जीत जनता की है। जनता ने राज्य सरकार को आइना दिखा दिया है। सरकार के दो साल के कार्यकाल के खिलाफ जनता ने मुहर लगा दी है।
भाया ने कहा कि निर्णय जनता करती है। किसी के जुटने और कुछ करने से नहीं होता है। जनता ने सभी लोगों को आइना दिखा दिया है। भाया ने कहा कि उन्होंने राजनीतिक जीवन में अंता विधानसभा क्षेत्र और बारां जिले की जनता के लिए काम किया है।
जनप्रतिनिधि का नेतृत्व और दायित्व निभाया है। विकास, सामाजिक व धार्मिक सेवा के कार्य पूरी ईमानदारी से किए हैं। इन कामों के लिए हमारे कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का आशीर्वाद मिलता रहा है। माता-पिता के संस्कार के साथ चलते रहे हैं, यह उसी की परिणीति है।
प्रमोद जैन भाया ने कहा कि उन्हें इन चुनाव की शुरुआत में ही भरोसा हो गया था कि जनता इस बार उन्हें ही जनप्रतिनिधि बना देगी। साल 2023 के विधानसभा चुनाव में बहकावे में आ गई थी। झूठे वादे किए और गुमराह किया गया था। इस चुनाव को चुनौती नहीं माना।
इस बार पूरा भरोसा था कि जनता आशीर्वाद देगी। जनता काफी समझदार है। अंता के विकास के लिए वापस काम पर लग जाना है। जीत का श्रेय जनता को है। साथ ही कांग्रेस के आलाकमान और शीर्ष नेतृत्व को है, जिन्होंने एकजुट होकर आशीर्वाद दिया है।
कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद जैन भाया की पत्नी और बारां जिला प्रमुख उर्मिला जैन भाया ने कहा कि उन्हें शुरू से ही विश्वास था कि कांग्रेस यहां से चुनाव जीत जाएगी। भाजपा के 2 साल के शासन से जनता त्रस्त हो गई थी, इसलिए उन्होंने वोट दिया है।
उनका कहना है कि निर्दलीय से लेकर भाजपा कहीं भी टक्कर में नहीं नजर आई है। जिले की अंता सीट पर उपचुनाव में कांग्रेस ने बाजी मार ली है। अंता के उपचुनाव में कांग्रेस के प्रमोद जैन भाया के समर्थन में जोरदार बढ़त रही है। यहां सुबह से ही लगातार कांग्रेस बढ़त बनाए रही।

