अंतर्राष्ट्रीय मसाला कांफ्रेंस 23 फरवरी से कोच्चि में, उद्योग को नई दिशा मिलेगी

0
4

कोच्चि। ऑल इंडिया स्पाइसेज एक्सपोर्टर्स फोरम द्वारा आगामी 23-26 फरवरी को कोच्चि (केरल) के ली मैरेडियन होटल में 9 वें इंटरनेशनल स्पाइस कांफ्रेंस (आईएससी 2026) का आयोजन किया जा रहा है जो मसाला उत्पादकों, व्यापारियों, प्रोसेसिंग उद्योग, निर्यातकों एवं आयातकों सहित अन्य सम्बद्ध पक्षों के लिए काफी महत्वपूर्ण एवं लाभदायक साबित होने वाला है।

भारत दुनिया में मसालों का सबसे प्रमुख उत्पादक, उपभोक्ता एवं निर्यातक देश है। यहां से प्रति वर्ष 4 अरब डॉलर से भी अधिक मूल्य के साबुत मसालों एवं मसाला उत्पादों का निर्यात संसार के विभिन्न देशों को किया जाता है। लेकिन अंतर्राष्ट्रीय बाजार में अब नई-नई चुनौतियां उभरकर सामने आ रही हैं जिसका सफलतापूर्वक सामना करने के लिए सामयिक एवं सटीक रणनीति बनाने की आवश्यकता है।

प्रमुख आयातक देशों में सीमा शुल्क के मामले में अनिश्चितता बनी रहती है और मसालों की गुणवत्ता एवं उसमें बाहरी तत्वों की मिलावट के संदर्भ में कठोर नियम लागू किए जा रहे हैं। भारत को मसालों के उत्पादन एवं निर्यात संवर्धन में निरंतरता बरकरार रखने की आवश्यकता है इसलिए उसे वैश्विक मानदंडों पर खरा उतरना जरुरी है।

अमरीका ने कुछ महीनों तक भारतीय मसालों पर 50 प्रतिशत का टैरिफ बरकरार रखा जिससे वहां इसके निर्यात पर असर पड़ा। इस चार दिवसीय कार्यक्रम में अनेक विशेषज्ञ अपने विचार प्रस्तुत करेंगे जिससे उद्योग को एक नई दिशा मिल सकती है।