अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर मोशन की महिला स्टाफ ने निकाली वाहन रैली

0
24

कोटा। मोशन एजुकेशन के संस्थापक और सीईओ नितिन विजय ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को शक्ति, ममता और त्याग का स्वरूप माना गया है। वह जीवनदायिनी है, प्रेम की मूर्ति और रिश्ते संवारने वाली शक्ति है। नारी संपूर्ण सृष्टि का आधार है।

नितिन विजय शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित मोशन के महिला स्टाफ की दोपहिया वाहन रैली को रवाना करने के अवसर पर संबोधित कर रहे थे। रैली को डायरेक्टर सुशीला विजय ने इंद्रप्रस्थ ओद्योगिक क्षेत्र स्थित मोशन के द्रोणा- 2 कैंपस से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

डायरेक्टर डॉ. स्वाति विजय की अगुवाई में निकली यह रैली किशोर सागर तालाब, गुमानपुरा, सीएडी सर्किल, दादाबाड़ी सर्किल, रावतभाटा रोड, घटोत्कच सर्किल, गोबरिया बावड़ी से इंद्रप्रस्थ ओद्योगिक क्षेत्र के रोड नंबर एक पर होते हुए द्रोणा कैम्पस में संपन्न हुई।

रैली में मोशन एजुकेशन की महिला फैकल्टी, एडमिन स्टाफ और अन्य विभागों की महिला कर्मचारी उत्साह पूर्वक शामिल हुईं। इस दौरान रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर कोटा के लिए मंगल कामना भी की गई। स्टाफ ने रैली में शामिल महिलाओं पर पुष्प वर्षा की।

समापन अवसर पर मोशन एजुकेशन की डायरेक्टर डॉ. स्वाति विजय ने कहा कि महिला दिवस हर साल 8 मार्च को मनाया जाता है और इसका उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उन्हें सम्मान देना है। महिलाओं ने इतिहास में हर क्षेत्र में अपनी छाप छोड़ी है, चाहे वह शिक्षा हो, राजनीति हो, विज्ञान हो या खेल का मैदान। टीम मोशन में भी 40 फीसदी महिलाएं हैं। इस अनुपात को हम 50 तक पहुंचाएंगे।

डॉ. स्वाति विजय ने कहा कि यह रैली हमारे संस्थान की सभी महिला कर्मचारियों के आत्मविश्वास और सशक्तिकरण का प्रतीक है। मोशन हमेशा महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है और हम शिक्षा के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास कर रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ही मोशन एजुकेशन के द्रोणा-2 कैंपस में महिला स्टाफ के लिए विशेष गतिविधियों और मजेदार गेम्स का आयोजन किया गया। सभी महिला कर्मचारियों ने इनमें उत्साहपूर्वक भाग लिया।