अंडर-20 कुश्ती प्रतियोगिता: चार गोल्ड जीत हरियाणा ने बनाई बढ़त

0
71

राजस्थान को पहले दिन मिले दो कांस्य पदक

कोटा। Under-20 wrestling competition: कोटा के रघुराई एण्डो स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेली जा रही अंडर-20 राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में हरियाणा ने पहले ही दिन चार गोल्ड मैडल जीत कर बढ़त बना ली। महाराष्ट्र और दिल्ली एक-एक गोल्ड मैडल जीतने में कामयाब रहे। राजस्थान ने भी खेलों के पहले दिन दो कांस्य पदकों पर कब्जा किया।

आयोजन समिति के अध्यक्ष आई के दत्ता ने बताया कि पुरूषों की ग्रीको रोमन वर्ग के हरियाणा के सूरत प्रथम, महाराष्ट्र के समर्थ द्वितीय और दिल्ली कि शुभम शर्मा व सर्विसेज के महादेव नामा तृतीय स्थान पर रहे। 72 किलो वर्ग में हरियाणा के आकाश पूनिया प्रथम, उत्तर प्रदेश के विशाल खोखर द्वितीय और मध्य प्रदेश के महेश राठौर व चंडीगढ़ के विकास तृतीय स्थान पर रहे। 97 किलो वर्ग में दिल्ली के नमन प्रथम, हरियाणा के विक्रांत सिंह भोरिया द्वितीय तथा राजस्थान के यादवेंद्र सिंह बराड़ और कर्नाटक के राघवेंद्र तृतीय स्थान पर रहे।

आयोजन सचिव तेजेंद्र सिंह बराड़ ने बताया कि महिलाओं के 55 किलो वर्ग में हरियाणा की रीना प्रथम, मध्य प्रदेश की हंसाबेन राठौर द्वितीय तथा उत्तर प्रदेश की प्रिया चौहान व महाराष्ट्र की अहिल्या तृतीय स्थान पर रहे। 62 किलो वर्ग में महाराष्ट्र की प्रगति प्रथम, हरियाणा की अंजलि द्वितीय तथा उत्तर प्रदेश की कशिश यादव व दिल्ली की नीतिक तृतीय स्थान पर रहीं। 76 किलो वर्ग में हरियाणा की प्रिया प्रथम, उत्तर प्रदेश की इतिशा द्वितीय तथा राजस्थान की माया माली व चंडीगढ़ की दीपिका नैन तृतीय स्थान पर रहे।

पुरस्कार वितरण समारोह में कोटा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रविदत्त गौड़, राजस्थान रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन राजेश बिरला, नगर निगम कोटा दक्षिण में नेता प्रतिपक्ष विवेक राजवंशी, नगर निगम कोटा उत्तर में नेता प्रतिपक्ष लव शर्मा, भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष संजय सिंह, राजस्थान कुश्ती संघ के अध्यक्ष राजीव दत्ता, आयोजन अध्यक्ष आईके दत्ता, आयोजन सचिव तेजेंद्र सिंह बराड़, जिला कुश्ती संघ के सचिव हरिश शर्मा सह सचिव भानू प्रताप सुमन सहित अन्य अतिथियों ने विजेताओं को सम्मानित किया।

महज 26 सैकंड में कोटा के यादवेंद्र ने जीता ब्रॉन्ज
अंडर-20 राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में पहले दिन कोटा और भीलवाड़ा के खिलाड़ियों ने राजस्थान का मान बढ़ाया। कोटा के यादवेंद्र सिंह बराड़ ने 97 किलो वर्ग में महज 26 सैकंड में महाराष्ट्र के हर्ष को 8-0 से हराकर कांस्य पदक जीता। इसी तरह भीलवाड़ा की माया माली को भी 76 किलो वर्ग में अपनी गुजरात की प्रतिद्वंदी सुजानगुल को 10-0 से चित्त करने में कोई दिक्कत नहीं आई।

खिलाड़ियों को पदक के साथ पांच किलो घी
राजस्थान कुश्ती संघ अंडर-20 प्रतियोगिता में पदक विजेता खिलाड़ियों की खुशी को बढ़ाने में कोई कमी नहीं छोड़ रहा है। राजस्थान कुश्ती संघ के अध्यक्ष राजीव दत्ता की पहल पर देश में पहली बार पदक विजेताओं को पदक के साथ पांच किलो घी भी भेंट किया जा रहा है। पुरस्कार समारोह में घी पाकर खिलाड़ियों के चेहरे पर अलग ही खुशी नजर आई। पहलवानों का कहना था कि उनके लिए खुराक सबसे महत्वपूर्ण भाग होती है, जिसमें घी की अहम भूमिका है।