कोटा के मथुराधीश मंदिर पर ठाकुरजी का ज्येष्ठाभिषेक कल, आज होगा अधिवासन

0
8

कोटा। शुद्धाद्वैत प्रथम पीठ श्री मथुराधीश मंदिर पर चल रहे जल मनोरथ के तहत सोमवार को ठाकुर जी का यमुना पुष्प कुंज मनोरथ किया गया। इस दौरान विभिन्न फूलों से फूल बंगली तैयार की गई। वहीं गिरिराज जी पधराए गए। इस दौरान गुलाब जल, केवडा, खस के जल का छिड़काव किया गया।

ठाकुर जी मनोरथ चौक में पधारे। जहां डेढ हजार गुलाब की माला, 300 कमल समेत विभिन्न पुष्पों से तैयार फूल बंगली में प्रभु ने दर्शन दिए तो भक्तों ने जयकार से हवेली को गूंजा दिया।

श्री मथुरेश टेंपल बोर्ड के महामंत्री मोनू व्यास ने बताया कि 11 जून को स्नान यात्रा के तहत ठाकुर जी का प्रातः 5 बजे ज्येष्ठाभिषेक किया जाएगा। इस दिन आम का मनोरथ भी होगा। जिसके तहत ठाकुर जी को सवा लक्ष आम धराए जाएंगे। शयन के साथ फूल मंडली के दर्शन होंगे। स्नान के दर्शन वर्ष में दो बार ही होते हैं। ज्येष्ठाभिषेक के बाद जन्माष्टमी पर ही पंचामृत अभिषेक के दर्शन होंगे।

उन्होंने बताया कि स्नान यात्रा से पूर्व 10 जून को प्रभु को ग्वाल भोग धरने के पश्चात वल्लभकुल आचार्य, प्रभु की सेवा के मुखिया जी, भीतरिया सेवक तथा वैष्णव जन के साथ जल भरने पधारेंगे। स्वर्ण एवं रजत पात्र मे जल भर कर मंदिर मे लाया जाएगा। फिर शयन के समय जल का अधिवासन होगा।