Market: भारी गिरावट के साथ खुले बाजार, निफ्टी 24 हजार, सेंसेक्स 79 हजार के नीचे

0
7

नई दिल्ली। Stock Market Opened : भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संकट बढ़ने की वजह से भारतीय शेयर बाजार हफ्ते में आखिरी ट्रेडिंग सेशन यानी शुक्रवार को बड़ी गिरावट में खुले। प्रमुख बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी-50 आज 24 हजार जबकि बीएसई सेंसेक्स 79 हजार के नीचे खुला।

बाजार में जानकारों का कहना है कि पाकिस्तान के साथ ताजा घटनाक्रमों का असर आज शेयर बाजार में दिख सकता है और सेंसेक्स व निफ्टी 50 में तेज गिरावट आ सकती है। हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया है कि दोनों प्रमुख इंडेक्स के लोअर सर्किट तक गिरने की संभावना नहीं है।

तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) शुक्रवार को बड़ी 1300 अंक से अधिक की गिरावट लेकर 78,968.34 पर ओपन हुआ। हालांकि, कारोबार शुरू होते ही इंडेक्स में रिकवरी देखने को मिली। सुबह 9:30 बजे यह 378.60 अंक या 0.47% की गिरावट लेकर 79,956.21 पर था।

इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 भी बड़ी गिरावट के साथ 23,935.75 अंक पर खुला। सुबह 9:30 बजे यह 204.05 अंक या 0.84 फीसदी की गिरावट के सतह 24,069.75 पर था।

कल भी लाल निशान पर बंद हुए थे बाजार
शेयर बाजार में गुरुवार को बिकवाली हावी रही। बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी 50 0.58% टूटकर 24,273.80 पर बंद हुआ। वहीं, बैंक निफ्टी 0.45% की गिरावट के साथ 54,365.65 पर बंद हुआ। सभी प्रमुख सेक्टर्स में रियल एस्टेट, मेटल और ऑटो सेक्टर में सबसे ज्यादा दबाव देखा गया। हालांकि आईटी सेक्टर इकलौता ऐसा सेक्टर रहा जो तेजी में रहा। ब्रॉडर इंडेक्स यानी मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी 1.5% से 2% तक की गिरावट देखने को मिली।