नई दिल्ली। Stock Market Closed: ग्लोबल मार्केट से मिले-जुले रुझानों के बीच आईटी शेयरों में बिकवाली के कारण बुधवार को बेंचमार्क इक्विटी इंडेक्स सेंसेक्स (Sensex) और निफ्टी (Nifty) मामूली नुकसान के साथ बंद हुए। हालांकि, निजी बैंकिंग शेयरों में तेजी ने नुकसान को कुछ हद तक संभाल लिया।
30 शेयरों वाला BSE सेंसेक्स 170 अंकों की बढ़त के साथ 74,270 पर खुला और जल्दी ही 74,392 के उच्चतम स्तर तक पहुंच गया। हालांकि, इसके बाद बाजार ने अपनी बढ़त गंवा दी और लाल निशान में चला गया। सेंसेक्स दिन के उच्चतम स्तर से 794 अंक गिरकर 73,598 के निचले स्तर तक फिसल गया। अंत में, सेंसेक्स 73 अंक यानी 0.1% की मामूली गिरावट के साथ 74,030 पर बंद हुआ। यह लगातार चौथा सत्र रहा जब BSE बेंचमार्क इंडेक्स गिरावट के साथ बंद हुआ।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 39 अंक की चढ़कर 22,536 पर खुला। दिन के दौरान यह 22,577 के उच्चतम स्तर को छूने के बाद 22,330 के निचले स्तर तक गिरावट दर्ज की। अंत में, निफ्टी 27 अंकों की हल्की गिरावट के साथ 22,470 पर बंद हुआ।
टॉप गेनर्स
सेंसेक्स के 30 शेयरों में इंडसइंड बैंक टॉप गेनर रहा। शेयर करीब 5% चढ़ा। बैंक के CEO और ग्रुप चेयरमैन द्वारा निवेशकों की चिंता दूर करने के प्रयास के बाद शेयर में तेजी आई। इसके अलावा, टाटा मोटर्स, कोटक बैंक, बजाज फाइनेंस, ITC, HDFC बैंक और सन फार्मा में भी 1% से 3% तक की बढ़त देखने को मिली।
टॉप लूजर्स
दूसरी ओर, इंफोसिस 4% से ज्यादा टूटा और सबसे बड़ा लूजर रहा। टेक महिंद्रा, नेस्ले इंडिया, HCL टेक्नोलॉजीज, TCS, एशियन पेंट्स, एक्सिस बैंक, अदाणी पोर्ट्स, हिंदुस्तान यूनिलीवर, जोमैटो और SBI में भी 1% से 3% तक की गिरावट दर्ज की गई।
मिडकैप और स्मॉलकैप में गिरावट, IT शेयरों में भारी नुकसान
ब्रॉडर मार्केट में, BSE मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स दोनों लगभग 0.5% की गिरावट के साथ बंद हुए। बाजार की ओवरऑल सेंटीमेंट भी नकारात्मक रहा, जहां करीब 2,500 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए, जबकि केवल 1,500 शेयरों में बढ़त देखी गई।