भारतीय किसान संघ चित्तौड़ प्रांत का दो दिवसीय सम्भागीय अभ्यास वर्ग सम्पन्न
कोटा। भारतीय किसान संघ चित्तौड़ प्रांत का संभागीय अभ्यास वर्ग शुक्रवार को जाखोड़ा स्थित श्रीरामशांताय जैविक कृषि अनुसंधान केंद्र पर सम्पन्न हुआ। इस दौरान भारतीय किसान संघ के राष्ट्रीय संगठन मंत्री दिनेश कुलकर्णी, अखिल भारतीय बीज प्रमुख कृष्ण मुरारी, प्रान्त संगठन मंत्री परमानन्द, कृषि विज्ञानी पवन टांक ने संबोधित किया।
दिनेश कुलकर्णी ने कहा कि भारतीय किसान संघ के कार्य का विस्तार हो रहा है। लगातार नए कार्यकर्ता जुड़ रहे हैं। वहीं ग्राम समाज की सामाजिक व्यवस्थाओं में भी परिवर्तन हो रहा है। गांव की सामाजिक परिस्थितियां बदल रही है। यह परिवर्तन हमारी संस्कृति और प्रकृति को भी प्रभावित कर रहे हैं।
साथ ही, स्वतंत्रता के अमृत काल में सकारात्मक ऊर्जा भी बढ़ी है। आज हम विकसित भारत की परिकल्पना कर रहे हैं। हमें इस परिकल्पना में खेती और किसानी के योगदान को सुनिश्चित करना होगा। हमारी गति हमें दुनिया में सिरमौर बनाएगी।
ऐसी स्थिति में अपना उत्तरदायित्व निभाने के लिए हमें सक्षम कार्यकर्ताओं की जरूरत होगी। वहीं संगठन को भी उसी अनुरूप तैयार करना होगा। भारतीय किसान संघ का कार्यकर्ता किसानों के विषयों के साथ-साथ प्रकृति, जलवायु परिवर्तन, पर्यावरण, राष्ट्र और समाज के मुद्दे भी उठाता रहेगा।
उन्होंने कहा कि कृषि को आत्मनिर्भर और किसान को स्वावलंबी बनाने की दिशा में सभी को मिलकर काम करना है। हमें किसानों को एकजुट करना है ताकि किसान पूरी दुनिया को एकजुट कर सकें। हमें समरस, सामर्थ्यशाली, स्वावलंबी, गौरवशाली और स्वाभिमानी समाज का निर्माण करने में अपनी भूमिका स्पष्ट करनी है।
अभ्यास वर्ग में सम्भाग अध्यक्ष गिरिराज चौधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष विक्रम सिरोहिया, प्रदेश जैविक प्रमुख प्रह्लाद नागर, कोषाध्यक्ष शिवराज पुरी, प्रदेश महिला प्रमुख रमा शर्मा, प्रान्त प्रचार प्रमुख आशीष मेहता, प्रान्त महिला प्रमुख रजनी धाकड़, श्रीकृष्ण पाटीदार समेत कईं लोग मौजूद रहे।