नई दिल्ली। Raisin New Crop: लगातार दूसरे वर्ष भी देश में किशमिश का उत्पादन कम होने के समाचार मिल रहे हैं। किशमिश का उत्पादन मुख्यतः महाराष्ट्र में होता है। सूत्रों का कहना है कि अंगूर की कीमतें अधिक होने के कारण इस वर्ष किशमिश की पैदावार घटने की संभावना व्यक्त की जा रही है। प्रमुख मंडी सांगली में 2/3 गाड़ी नई किशमिश की आवक शुरू हो गई है।
नई किशमिश का भाव 210/230 रुपए प्रति किलो बोला जा रहा है। जबकि पुरानी किशमिश की आवक 35/40 बोरी की रही। और भाव 200/220 रुपए प्रति किलो का बोला गया। माना जा रहा है कि फरवरी अंत या मार्च माह में आवक का दबाव बनेगा। उस समय कीमतों में 15/20 रुपए प्रति किलो की गिरावट संभव है। इससे अधिक मंदे के आसार नहीं हैं।
उत्पादन अनुमान: उत्पादक केन्द्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार चालू सीजन के दौरान महाराष्ट्र में किशमिश का उत्पादन 16/18 हजार गाड़ी (प्रत्येक गाड़ी 10 टन) होने के अनुमान लगाए जा रहे हैं। जबकि वर्ष 2024 में उत्पादन अनुमान 18/20 हजार मंडी में लगाए गए थे। वर्ष 2023 में देश में किशमिश का उत्पादन 23/24 हजार गाड़ी का रहा था। वर्ष 2022 में उत्पादन अनुमान 18/20 हजार गाड़ी के लगाए गए थे।
तेजी-मंदी: व्यापारियों का कहना है कि अभी हाल फिलहाल किशमिश कीमतों में तेजी की संभावना नहीं है। क्योंकि आगामी दिनों में मंडियों में नए किशमिश की आवक बढ़नी शुरू हो जाएगी और आवक का दबाव बनने पर किशमिश के भाव सांगली, तासगांव मंडी में 190/200 रुपए प्रति किलो बन सकते है। इससे अधिक मंदा संभव नहीं है। क्योंकि पैदावार कम होने के साथ-साथ इस वर्ष बकाया स्टॉक भी लगभग नाममात्र का रहने के समाचार हैं। जिस कारण वर्ष 2025 के दौरान किशमिश के भाव तेज रहने की संभावना है।
स्टॉक: वर्तमान में महाराष्ट्र की मंडियों में किशमिश स्टॉक 600/700 गाड़ी का होने की संभावना है। जबकि गत वर्ष इसी समयावधि में स्टॉक 3/3.5 हजार गाड़ी का था।
टर्की में भी उत्पादन कम: भारत वर्ष के अलावा टर्की में भी किशमिश का उत्पादन होता है। भारत वर्ष में नए किशमिश की आवक फरवरी-मार्च माह में शुरू होती है जबकि टर्की में नए मालों की आवक सितम्बर-अक्टूबर माह में होती है। सूत्रों का कहना है कि इस वर्ष टर्की में भी किशमिश का उत्पादन लगभग 2 लाख टन के आसपास रहा। आमतौर पर टर्की में किशमिश का उत्पादन 2.5/3 लाख टन के आसपास रहता है।
निर्यात: भारत वर्ष से मोरक्को, रशिया, रोमानिया, सऊदी अरब वियतनाम, श्रीलंका आदि देशों को किशमिश का निर्यात किया जाता है। प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्ष 2023-24 में किशमिश का कुल निर्यात लगभग 37 हजार टन का किया गया।