जयपुर। राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए रविवार को कांग्रेस ने 18 प्रत्याशियों की सूची जारी की। इससे पहले शनिवार को कांग्रेस ने 32 नामों की सूची जारी की थी। राज्य की 200 सीटों के लिए कांग्रेस अब तक 199 उम्मीदवारों के नाम तय कर चुकी है। पांच सीटें कांग्रेस ने गठबंधन दलों को दी है। दो-दो सीटें लोकतांत्रिक जनता दल और राष्ट्रीय लोक दल को दी है। वहीं, एक सीट एनसीपी के लिए छोड़ी है। तीसरी सूची में बीकानेर वेस्ट से पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बीडी कल्ला को टिकट दिया गया है।
दो प्रत्याशियों के पुन: टिकट कटे
कांग्रेस की पहली और दूसरी लिस्ट जारी होने के बाद कोटा और बीकानेर संभाग में कई जगह बगावती सुर उठे थे। इस सूची में बीकानेर वेस्ट में यशपाल गहलोत की जगह बीडी कल्ला को टिकट दिया है। यशपाल को बीकानेर ईस्ट सीट से प्रत्याशी घोषित किया है।
यहां से पहले कन्हैयालाल झंवर को प्रत्याशी घोषित किया था। झंवर ने कांग्रेस की पहली सूची जारी होने के एक घंटे पहले ही कांग्रेस ज्वाइन की थी। इसी तरह केशवरायपाटन में भी कांग्रेस ने सीएल प्रेमी का टिकट काट दिया। उनकी जगह राकेश बोयत को प्रत्याशी बनाया है। यह सीट एससी उम्मीदवार के लिए आरक्षित है।
प्रत्याशियों की सूची:
क्रम. | सीट | प्रत्याशी |
1 | नोहर | अमित चाचान |
2 | बीकानेर वेस्ट | बीडी कल्ला (यशपाल गहलोत की जगह) |
3 | बीकानेर ईस्ट | यशपाल गहलोत (कन्हैया लाल झंवर की जगह) |
4 | खंडेला | सुभाष मील |
5 | तिजारा | एमामुद्दीन अहमद खान |
6 | किशनगढ़ बास | डा करण सिंह यादव |
7 | मुंडावर | अलायंस लोकतांत्रिक जनता दल |
8 | नगर | मुराली लाल गुर्जर |
9 | भरतपुर | अलायंस राष्ट्रीय लोक दल |
10 | मालपुरा | अलायंस राष्ट्रीय लोक दल |
11 | किशनगढ़ | नंदलाल थाकन |
12 | जैतारण | दिलीप चौधरी |
13 | पाली | महावीर राजपुरोहित |
14 | बाली | अलायंस एनसीपी |
15 | सुमेरपुर | रज्जू रामावत |
16 | कुशलगढ़ | अलायंस लोकतांत्रिक जनता दल |
17 | आसिंद | मनीष मेवाड़ा |
18 | केशवरायपाटन | राकेश बोयत (सीएल प्रेमी की जगह) |
भाजपा ने 170 नाम घोषित किए
कांगेस अब तक 199 सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। महवा सीट पर कांग्रेस ने अभी फैसला नहीं किया है। यहां संसदीय सचिव ओमप्रकाश हुडला ने भाजपा से इस्तीफा दिया है। कांग्रेस की उन्हें वहां से उम्मीदवार बनाने की बात चल रही है। वहीं दूसरी तरफ भाजपा ने अभी तक 170 प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया है।
भाजपा ने पहले सूची जारी कर बाजी मारी थी, लेकिन अब कांग्रेस पूरे नामों का ऐलान कर आगे निकल चुकी है। उल्लेखनीय है कि राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए राज्य में 200 विधानसभा सीटों के लिए सात दिसंबर को चुनाव होगा। 11 दिसंबर को मतगणना है।