लहसुन के दाम सुनकर आ गई किसान को मौत

1227

कोटा । लहसुन के दाम सुनकर  किसान की मौत आ गई। यहाँ एरोड्रम के पास स्थित थोक फल सब्जी मंडी में लहसुन बेचने आए एक किसान की शनिवार सुबह अचानक मौत हो गई।

 परिजनों का कहना है कि लहसुन के सही भाव नहीं मिल रहे थे। लागत तक नहीं निकल रही थी। इसी सदमे में उसकी मौत हो गई। जिले के रौण गांव निवासी सत्यनारायण मीणा शनिवार तड़के फल सब्जी मंडी पहुंचा था। सत्यनारायण 46 कट्टे लहसुन बेचने आया था।

दुकान नंबर 131 धर्मवीर वेजिटेबल ट्रेडिंग कंपनी पर उसे लहसुन बेचना था। 22 कट्टे 2100 रुपए क्विंटल के हिसाब से बिके। 14 कट्टे 850 रुपए क्विंटल के हिसाब से बिके। 9 कट्टे 1200 और 1 कट्टा 500 रुपए क्विंटल के भाव से बिका। उसका कुल लहसुन 33,749 रुपए का बिका।

चचेरे भाई भरत मीणा ने बताया कि सत्यनारायण ने 2200 रुपए प्रति क्विंटल में बीज खरीद कर लहसुन की बुवाई की थी। मंडी में लहसुन के दाम 20 से 21 रुपए किलो ही मिल रहे थे। लहसुन के भाव, 5 रु. पर पहुंचे तो भाई को हार्ट अटैक आ गया। तबियत बिगड़ने पर अस्पताल ले गए जहाँ डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। 

कृषि विशेषज्ञों के अनुसार एक किलो लहसुन के उत्पादन में लगभग 30 रुपए लगते हैं। इसमें सबसे ज्यादा बिजली और खाद पर खर्च होता है। 11 से 12 बार सिंचाई करनी होती है।

भाव गिरने के मुख्य कारण
उम्मीदसे ज्यादा उत्पादन, निर्यात विपणन का अभाव, रमजान माह चलने के कारण लहसुन के दामों में गिरावट।