स्वतंत्रता दिवस पर मिनी इण्डिया कोटा में बने चार कीर्तिमान

1203

कोटा। 72वां स्वतंत्रता दिवस कोटा ही नहीं वरन पूरे देश के लिए यादगार हो गया। एलन लैण्डमार्क सिटी परिसर में आयोजित ‘52 सेकंड राष्ट्र के नाम‘ कार्यक्रम में 30 हजार साइंस स्टूडेंट्स, शिक्षक, हॉस्टल संचालक, शहर के जनप्रतिनिधियों व आमजन ने सामूहिक राष्ट्रगान गाकर तिरंगे को सलामी दी।

स्वतंत्रता दिवस के इस ऐतिहासिक उत्सव में मिनी इंडिया कहे जाने वाले कोटा में एक बार फिर कई रिकॉर्ड बने। यहां विद्यार्थियों का राष्ट्र के प्रति प्रेम और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्साह देखते ही बना। इस ऐतिहासिक क्षण को यादगार बनाने के लिए गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की टीम कोटा में रही, जिन्होंने 4 रिकॉर्ड दर्ज किए।

इसमें 30 हजार विद्यार्थियों द्वारा ‘स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत‘ का संदेश देते हुए तख्तियां दिखाया जाना, एक स्थान पर देश के सभी राज्यों के विद्यार्थियों की मौजूदगी और एक साथ राष्ट्रगान गाया जाना, एक ही स्थान पर सबसे ज्यादा संख्या में छात्राओं द्वारा राष्ट्रगान गाकर तिरंगे को सलामी देना तथा एक ही स्थान पर एक ही समय में सबसे ज्यादा छाते खोलने का रिकॉर्ड बनाया गया।

निदेशक गोविन्द माहेश्वरी, राजेश माहेश्वरी व बृजेश माहेश्वरी ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में ध्वजारोहण के बाद कोटा हैप्पीनेस टीम व एई के माध्यम से स्टैंडअप कॉमेडी के किंग राजू श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों का मनोरंजन किया।
देशभक्ति के तराने शुरू होने के साथ ही विद्यार्थियों में जोश भर गया। हर तरफ भारत माता की जय और कई नारे लगने लगे।

भावी चिकित्सकों ने इस माध्यम से देश सेवा का संकल्प लिया। एक ही स्थान पर सबसे ज्यादा संख्या में छात्राएं एकत्रित हुई, जिन्होने राष्ट्रगान गाकर तिरंगे को सलामी दी। सबसे अंत में एक ही स्थान पर मौजूद इन 30 हजार विद्यार्थियों ने जब अपने हरे रंग के छाते खोले तो ऐसा लगा मानो हर तरफ हरियाली फैल गई हो। 

रिकॉर्ड के प्रमाण पत्र सौंपे
गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की ओर से एशिया हैड डॉ. मनीष विश्नोई व रिवॉर्ड मैनेजर मनोज शुक्ला इन गतिविधियों के दौरान मौजूद रहे और आयोजन को सराहा। उन्होंने एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट को इस तरह के आयोजन की बधाई दी। सफल आयोजन के बाद टीम के सदस्यों ने एलन के निदेशक बृजेश माहेश्वरी को प्रमाण पत्र भेंट किए।

उल्लेखनीय है कि एक ही शहर में एक ही संस्थान में सर्वाधिक विद्यार्थियों को अध्ययन करवाने का रिकॉर्ड पहले ही एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट के नाम है। यह रिकॉर्ड सन् 2014 में लिम्का बुक में दर्ज किया जा चुका है।

ये रिकॉर्ड बने कोटा में
1. एक साथ 30 हजार विद्यार्थियों ने सामाजिक संदेश ‘स्वच्छ भारत स्वस्थ भारत‘ लिखी तख्तियां दिखाई।
2. देश के सभी राज्यों के विद्यार्थियों ने एक साथ, एक ही स्थान पर, एक ही स्वर में राष्ट्रगान गाया।
3. एक ही स्थान पर सबसे ज्यादा संख्या में छात्राओं द्वारा राष्ट्रगान गाकर तिरंगे को सलामी दी गई।
4. एक ही स्थान पर एक ही समय में सबसे ज्यादा छाते खोले गए।