सेंसेक्स पहली बार 38000 के पार, निफ्टी 11500 के करीब पहुंचा

1135

मुंबई। शेयर बाजार ने गुरुवार को भी नया रिकॉर्ड बनाया। सेंसेक्स 37,994.51अंकों पर खुला और कुछ ही देर में 38,000 के पार चला गया। इसने 38,050.12 का उच्च स्तर छुआ। निफ्टी ने 11,493.25 से शुरुआत करते हुए 11,495.20 अंकों का रिकॉर्ड बनायाा। एनएसई पर सभी सेक्टर इंडेक्स में तेजी दर्ज की गई। बैंक निफ्टी भी 28,216 के अब तक के सबसे उच्च स्तर पर पहुंच गया।

बड़ी कंपनियों के साथ ही मिड और लार्ज कैप शेयरों में भी खरीदारी देखी गई। बीएसई के मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स 0.5% तक चढ़े। निफ्टी की 50 में से 28 कंपनियों के शेयरों में तेजी दर्ज की गई। आईसीआईसीआई बैंक के शेयर में 4% से ज्यादा उछाल आया। सन फार्मा, टाटा मोटर्स, एसबीआई और इंफोसिस के शेयर्स करीब 1.5% तक चढ़े।

बाजार में तेजी की वजह : विश्लेषकों के मुताबिक निवेशक लगातार खरीदारी कर रहे हैं। कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और ऑयल एंड गैस सेक्टर के शेयरों की अच्छी मांग देखी जा रही है। विदेशी निवेशकों ने बुधवार को 568.63 करोड़ रुपए और घरेलू निवेशकों ने 30.25 करोड़ की खरीदारी की। कई बड़ी कंपनियों ने उम्मीद से बेहतर तिमाही नतीजे पेश किए। अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष ने भी बेहतर इकोनॉमिक ग्रोथ का अनुमान जताया। इन सभी वजहों से बाजार में बढ़त आई।

विदेशी बाजारों का हाल : हॉन्गकॉन्ग का हेंगसेंग में 0.89% ऊपर कारोबार देखा गया। चीन के शंघाई कंपोजिट इंडेक्स में 1.78% बढ़त दर्ज की गई। जापान के निक्केई में शुरुआती कारोबार के दौरान 0.27% गिरावट आई। दक्षिण कोरिया का कोस्पी भी 0.03% नीचे आ गया। अमेरिका-चीन के बीच टैरिफ वॉर तेज होने की वजह से बुधवार को अमेरिकी बाजार गिरावट के साथ बंद हुए। डाओ जोंस इंडस्ट्रियल एवरेज ने 0.18% नीचे कारोबार खत्म किया।