Harley Davidson करेगी 4 नई बाइक्स लॉन्च

1246

न्यूयार्क। अमेरिका की प्रमुख मोटरसाइकिल कंपनी हार्ली डेविडसन चार नई बाइक्स लॉन्च करने की तैयारी कर रही है, जिसमें एक इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल भी शामिल है। कंपनी ने सोमवार को साल 2022 के लिए विकास विवरण ‘मोर रोड्स टू हार्ली-डेविडसन’ का खुलासा करते हुए यह जानकारी दी।

हार्ली डेविडसन ने एक बयान में कहा कि तेजी से बदलती दुनिया में नए कस्टमर्स की मांग भी तेजी से बदल रही है और इसे देखते हुए कंपनी चार नए मॉडल्स लॉन्च करने जा रही है, जिसमें एक इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल भी शामिल है।

नई बाइक्स को 2019-20 और 2022 में लांच किया जाएगा। हार्ली डेविडसन की नई बाइक्स में 500 सीसी से 1,250 सीसी इंजन क्षमता में तीन बाइक्स होंगी, जिसमें 250 सीसी से 500 सीसी की बाइक्स खासतौर से भारत और एशियाई बाजार में लॉन्च की जाएंगी।

नए मॉडल में हार्ली-डेविडसन पैन अमेरिका 1,250 सीसी अडवेंचर-टूरिंग मॉडल, एक 975 सीसी का स्ट्रीटफाइटर मॉडल (वी-ट्वीन इंजन के साथ) तथा 250-500 सीसी प्लैटफॉर्म पर भारत समेत एशिया के उभरते बाजारों के लिए बिल्कुल नया मॉडल शामिल है।

इसके अलावा एक इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल को 2022 में लांच किया जाएगा। कंपनी ने बताया कि उसने भारत में एक कंपनी के साथ साझेदारी की है। अभी उस कंपनी के नाम का खुलासा नहीं किया गया है। हार्ली-डेविडसन के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी मैट लेवाटिक ने कहा, ‘हार्ली-डेविडसन प्रतिष्ठित है, क्योंकि हम कभी भी रुके नहीं हैं।

हम उसी ऊर्जा के साथ आगे बढ़ रहे हैं, जिस ऊर्जा से हमारे संस्थापकों ने इसे 1903 में स्थापित किया था।’ उन्होंने आगे कहा, ‘नई योजना हमारे ब्रैंड की मौजूदा सीमाओं को फिर से परिभाषित करेगी। ज्यादा से ज्यादा ग्राहकों तक पहुंचने के लिए नए तरीके अपनाएंगे, जो एक ब्रैंड के रूप में हमें मजबूती देंगे। इन योजनाओं को लागू करने के लिए हम और इंतजार नहीं कर सकते हैं।’