दुनिया के टॉप 10 अमीरों की लिस्ट में मार्क जुकरबर्ग तीन पायदान खिसके

773

नई दिल्ली। इस हफ्ते दुनिया के टॉप 10 अमीरों की लिस्ट में बड़ा बदलाव देखने को मिला। बीते दो दिन में फेसबुक के फाउंडर मार्क जुकरबर्ग की दौलत लगभग 17 अरब डॉलर यानी 1.15 लाख करोड़ रुपए घट गई। इससे दुनिया के टॉप 10 अमीरों की लिस्ट में वह तीसरे पायदान से खिसकर छठे पायदान पर आ गए।

वहीं एशिया के अमीरों की बात करें तो शुक्रवार को मुकेश अंबानी की पर्सनल वेल्थ में 72 करोड़ डॉलर यानी लगभग 5 हजार करोड़ रुपए की बढ़ोत्तरी हुई है। जिससे वह एशिया में नंबर वन बन गए हैं। अंबानी ने चीनी उद्योगपति और ई-कॉमर्स कंपनी अलीबाबा के फाउंडर जैक मा को पीछे छोड़ दिया।

टॉप 10 अमीरों की लिस्ट में छठे पायदान पर खिसके जुकरबर्ग
दरअसल कमजोर नतीजों के चलते गुरुवार को फेसबुक के शेयर लगभग 20 फीसदी टूट गए थे, जिसके चलते एक ही दिन में जुकरबर्ग की वेल्थ लगभग 16 अरब डॉलर यानी लगभग 1.10 लाख करोड़ रुपए घट गई। ब्लूमबर्ग बिलेनायर इंडेक्स के मुताबिक, जुकरबर्ग लगभग 70 अरब डॉलर की वेल्थ के साथ टॉप 10 लिस्ट में तीसरे पायदान से छठे पायदान पर खिसक गए हैं।

तीसरे नंबर पर पहुंचे वारेन बफे
जुकरबर्ग की दौलत में कमी का फायदा दुनिया के सबसे बड़े इन्वेस्टर कहे जाने वाले वारेन बफे को मिला। गुरुवार तक वारेन बफे जहां चौथे पायदान पर थे, जो अब लगभग 83 अरब डॉलर की दौलत के साथ तीसरे पायदान पर पहुंच चुके हैं।

इसके साथ ही नए बदलाव के तहत अब फ्रांस के अरबपति बर्नार्ड अर्नाल्ट 76 अरब डॉलर की दौलत के साथ चौथे और रिटेल किंग कहे जाने वाले स्पेन के अमैन्सियो ऑर्टिगा 73 अरब डॉलर की दौलत के साथ पांचवें पायदान पर आ गए।

टॉप 10 अमीर और उनकी दौलत
1. जेफ बेजोस 150 अरब डॉलर
2. बिल गेट्स 96.6 अरब डॉलर
3. वारेन बफे 82.8 अरब डॉलर
4. बर्नार्ड अर्नाल्ट 75.9 अरब डॉलर
5.अमैन्सियो ऑर्टिगा 72.9 अरब डॉलर
6.मार्क जुकरबर्ग 69.9 अरब डॉलर
7.कार्लोस स्लिम 62.9 अरब डॉलर
8.लैरी पेज 60.1 अरब डॉलर
9.सर्गेई ब्रिन 5.5 अरब डॉलर
10. लैरी इलीसन 55.1 अरब डॉलर
14. मुकेश अंबानी 45.2 अरब डॉलर
(स्रोतः ब्लूमबर्ग (28 जुलाई, 2018))