सेंसेक्स ऐतिहासिक ऊंचाई 37273 पर पहुंचा, निफ्टी 11200 के पार

633
  • सेंसेक्स ने 12 जुलाई से 27 जुलाई तक 12 कारोबारी सत्रों में 6 नए हाई बनाए
  • सेंसेक्स गुरुवार को 126.41 की बढ़त के साथ 36,984.64 पर बंद हुआ
  • निफ्टी की क्लोजिंग 35.30 प्वाइंट ऊपर 11,167.30 पर हुई थी

मुंबई। शेयर बाजार शुक्रवार को लगातार पांचवें दिन रिकॉर्ड स्तरों पर है। सेंसेक्स 37,253.86 पर खुला और कारोबार के दौरान 37272.86 तक चढ़ा। ये दोनों अब तक के सबसे उच्च स्तर हैं। निफ्टी ने लगातार दूसरे दिन नया हाई बनाया। ये 11,232.75 पर खुला और 11,237.45 तक पहुंचा। आईटीसी के शेयर में 5% तक तेजी दर्ज की गई। टाटा मोटर्स, हीरो मोटोकॉर्प 1.5% तक चढ़े। बजाज ऑटो, एशियन पेंट्स और कोटक बैंक के शेयरों में भी  1% बढ़त दर्ज की गई।

बाजार में तेजी की वजह : घरेलू निवेशक लगातार खरीदारी कर रहे हैं। टीसीएस, एसीसी और आईटीसी जैसी बड़ी कंपनियों ने बेहतर तिमाही नतीजे पेश किए हैं। जुलाई फ्यूचर एंड ऑप्शन सीरीज की एक्सपायरी से पहले गुरुवार को निवेशकों ने सौदे आगे बढ़ाए।

हिंडाल्को का शेयर 7% उछला : बीएसई पर ये 207.45 रुपए पर खुला और 220.35 तक पहुंचा। एनएसई पर 212.75 रुपए पर शुरुआत की और 220.80 तक चढ़ा। अमेरिकी कंपनी एलेरिस के अधिग्रहण के ऐलान से शेयर में तेजी आई। हिंडाल्को ने गुरुवार को जानकारी दी कि वह 1.77 लाख करोड़ रुपए में अमेरिकी एल्युमिनियम उत्पादक कंपनी एलेरिस कॉरपोरेशन को खरीदेगी। हिंडाल्को की सब्सिडियरी नोवेलिस के जरिए ये डील होगी।

विदेशी बाजारों का हाल : एशियाई बाजारों में मिला-जुला कारोबार देखा जा रहा है। अमेरिका का डाओ जोंस इंडस्ट्रियल एवरेज गुरुवार को 112.97 अंक ऊपर 25,527.07 पर बंद हुआ। नैस्डेक कंपोजिट 80.05 प्वाइंट की गिरावट के साथ 7,852.19 पर बंद हुआ। फेसबुक के शेयर में 19% गिरावट से नैस्डेक पर असर पड़ा।