सेंसेक्स 71 अंक गिरकर 35575 पर और निफ्टी 10750 पर बंद

492

मुंबई। सेंसेक्स गुरुवार को 70.85 अंक गिरकर 35,574.55 पर और निफ्टी 20.15 प्वाइंट नीचे 10,749.75 पर बंद हुआ। भारतीय बाजार की शुरुआत तेजी के साथ हुई लेकिन दूसरे एशियाई बाजारों से कमजोर संकेतों की वजह से ये कुछ ही देर में लाल निशान में आ गया। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 35,748.26 के ऊपरी स्तर तक चढ़ा और 35,517.79 का निचला स्तर छुआ।

बिकवाली की वजह से कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, रिएलिटी, आईटी, मेटल, टेक, फार्मा, कैपिटल गुड्स, पावर और ऑयल एंड गैस सेक्टर के शेयरों में गिरावट रही। ट्रेड वॉर तेज होने की आशंका से एशियाई बाजारों में कमजोरी आई। भारत पर भी इसका असर हुआ। अमेरिका में चीन के उत्पादों पर इंपोर्ट ड्यूटी में बढ़ोतरी शुक्रवार से लागू हो जाएगी। चीन भी इसके जवाब में अमेरिकी सामानों पर टैरिफ बढ़ा सकता है।

जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के रिसर्च हेड विनोद नायर के मुताबिक, बाजार में सीमित दायरे में रहा। आईटी और मेटल शेयरों में बिकवाली से भी बाजार पर दबाव बढ़ा। मिड और स्मॉल कैप शेयर लगातार खराब प्रदर्शन कर रहे हैं। निवेशक जोखिम कम करने के लार्ज कैप कंपनियों में पैसा लगा रहे हैं।

आरआईएल में 3% गिरावट: रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर बीएसई पर 2.53% गिरावट के साथ 965 पर और एनएसई पर 2.57% गिरकर 964.65 पर बंद हुआ। कारोबार की शुरुआत में रिलायंस के शेयर में तेजी दर्ज की गई लेकिन कंपनी की एजीएम शुरु होने के बाद इसमें कमजोरी शुरू हो गई।

शेयर में गिरावट की वजह से कंपनी की मार्केट कैप 15,699 करोड़ घटकर 6.11 लाख करोड़ रुपए रह गई। एजीएम में रिलायंस के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने जियो फोन एक्सचेंज ऑफर, जियो फोन-2 और ब्रॉडबैंड सर्विस जियो गीगा फाइबर का ऐलान किया।

यस बैंक का शेयर 4% उछला : म्यूचुअल फंड कारोबार शुरु करने के लिए यस बैंक को सेबी से मंजूरी मिल गई है। इस खबर से बैंक के शेयर में 4% की तेजी आई। बीएसई पर ये 3.96% चढ़कर 348.80 पर और एनएसई पर 3.89% तेजी के साथ 348.60 पर बंद हुआ। इस तेजी से कंपनी की मार्केट कैप 3,159.27 करोड़ रुपए बढ़कर 80,423.27 करोड़ हो गई।