राजस्थान के हर जिला मुख्यालय पर खुलेगा योग पार्क: वसुंधरा

871

कोटा। अब कोचिंग के साथ ही कोटा योग सिटी भी बन गया है। योग करने से तनाव और अवसाद से भी बचा जा सकता है। यह बात मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने गुरुवार को कोटा में आयोजित प्रदेश स्तरीय योग शिविर के बाद कही। उन्होंने कहा कि बाबा रामदेव कोटा में आचार्य कुलम खोलना चाहते हैं जिसमें बच्चे वैदिक पढ़ाई कर सकें।

इसके सरकार की ओर से जो भी संभव होगा सहयोग किया जाएगा। उनका प्रयास हर जिले में योग पार्क स्थापित करने का भी है। जिसमें सुबह व शाम योग की क्लास चले तथा पतंजलि के प्रशिक्षक इसमें अपनी सेवाएं दें। सीएम ने कहा कि कोटा ने वर्ल्ड रिकॉ‌र्ड बनाया है, यह खुशी की बात है। कोटा अब योग सिटी व विश्व रिकॉ‌र्ड के लिए भी जाना जाएगा।

वजीर व फकीर ने मिलकर योग को पुनर्जीवित किया : वसुंधरा ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिये हमारी संस्कृति और शास्त्रों में वर्णित योग की महान परम्परा सिर्फ ऋषि-मुनियों तक सिमट गई थी। आज पूरी दुनिया योग की कायल हो चुकी है। वजीर यानी प्रधानमंत्री मोदी व फकीर यानी रामदेव ने मिलकर वह कर दिया, जो किसी ने नहीं किया था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि योग को विश्व के 43 मुस्लिम देशों सहित 177 देशों ने अपनाया है। कोटा में योग का महत्व इसलिए भी बढ़ जाता है क्योंकि यहां लघु भारत बसता है। देश भर के छात्र यहां पढ़ने आते हैं।