लहसुन की सरकारी खरीद धीमी गति से होने पर कृषि मंत्री ने जताई चिंता

931

कोटा। धीमी गति से हो रही लहसुन की खरीद का मामला केंद्र तक पहुंचा है। केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने इसे गंभीरता से लिया है।  उन्होंने भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल के साथ राज्य के कृषि व विपणन विभाग के अधिकारियों की उच्चस्तरीय बैठक लेते हुए संघ को लहसुन खरीद की व्यवस्था को सुचारु करने का भरोसा दिलाया है।

संघ के प्रांत महामंत्री जगदीश कलमंडा ने सोमवार को बताया कि बाजार हस्तक्षेप योजना के तहत की जा रही लहसुन की खरीद को तेजी से करने के लिए केंद्र सरकार राजफेड द्वारा किसानों से खरीदे जा रहे लहसुन को दिल्ली आजादपुर मंडी में भेजने के बजाय स्थानीय मंडी के व्यापारियों में खपाएगी। लहसुन को दिल्ली भेजने में काफी समय लग रहा है।

स्थानीय केंद्रों से लहसुन समय पर नहीं उठ रहा है। इस कारण अभी तक करीब 90 हजार क्विंटल लहसुन की खरीद हुई है। जबकि हाड़ौती में सरकार को 12 लाख 90 हजार क्विंटल लहसुन खरीदना है। उन्होंने बताया कि मंत्री के अनुसार सरकार 10 दिन के अंदर यह व्यवस्था शुरू कर देगी।

उन्होंने मध्यप्रदेश की तर्ज पर राजस्थान में भी लहसुन की खरीद भावांतर योजना के तहत करवाने पर सहमति जताई है। केंद्र व राज्य सरकार इस संबंध में विचार कर रही है। मंत्री शेखावत ने 31 मई तक होने वाली लहसुन खरीद की तारीख को बढ़ाने व लक्ष्य के अनुरूप लहसुन खरीदने का भारतीय किसान संघ को भरोसा दिलाया है।

साथ ही मंत्री ने कहा है कि सरसों व चना की समर्थन मूल्य के तहत हो रही खरीद को भी सुचारु किया जाएगा। अटके किसानों का भुगतान भी किया जाएगा। संघ का प्रतिनिधिमंडल केंद्रीय कृषि मंत्रालय के आमंत्रण पर 24 मई को दिल्ली पहुंचा था। कृषि राज्य मंत्री शेखावत कहा समर्थन मूल्य के तहत सरसों व चना खरीद के लिए जिन किसानों ने पंजीयन करवाया है। उन किसानों का माल खरीदा जाएगा।

इधर, मंत्री ने सहकारिता विभाग के मुख्य शासन सचिव अभय कुमार को निर्देश दिए हैं कि कोटा व जोधपुर संभाग में चना के उत्पादन को देखते हुए गोदामों में मौजूद खरीफ सीजन के उड़द का उठाव तीन से चार दिन के अंदर किया जाए और जिन जिंस की खरीद हो रही है उनके खरीद केंद्र व कांटे बढ़ाए जाएं।

राजस्थान के कृषि विभाग के मुख्य सचिव नीलकमल दरबारी व नैफेड के एमडी संजीव चड्ढा समेत सहकारिता विभाग की एमडी वीणा प्रधान, राजफेड के जीएम राजीव कुमार भी मौजूद थे। राष्ट्रीय महामंत्री बद्रीनारायण चौधरी, प्रदेश महामंत्री कैलाश गंदोलिया, जोधपुर प्रांत से प्रदेश उपाध्यक्ष हीरालाल चौधरी, जयपुर प्रांत से पूर्व प्रांत अध्यक्ष छोगालाल समेत चित्तौड़ प्रांत अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान संघ के प्रतिनिधि मंडल में शामिल थे।