7 लाख करोड़ मार्केट कैप वाली पहली भारतीय कंपनी बनी टीसीएस

787

मुंबई। टीसीएस ने 7 लाख करोड़ की मार्केट कैप वाली पहली भारतीय कंपनी होने का मुकाम हासिल कर लिया। शुक्रवार को कंपनी का शेयर 2% तेजी के साथ 52 हफ्ते की नई ऊंचाई पर पहुंच गया। इंट्राडे में बीएसई और एनएसई पर पर शेयर 3,674 रुपए तक चढ़ा। गुरुवार को भी शेयर 3% ऊपर बंद हुआ। रुपए में कमजोरी से आईटी सेक्टर की कंपनियों को फायदा हुआ है, टीसीएस भी इनमें शामिल है।

एक महीने में दूसरा बड़ा मुकाम, 40,000 करोड़ रुपए बढ़ी मार्केट कैप
चौथी तिमाही के नतीजे जारी करने के बाद 23 अप्रैल को टीसीएस 100 बिलियन डॉलर वाली देश की पहली आईटी कंपनी बन गई। उस दिन कंपनी की मार्केट कैप 6.60 लाख करोड़ के पार डॉलर के हिसाब से 100 अरब डॉलर पहुंच गई जो शुक्रवार को कारोबार के दौरान 7 लाख करोड़ हो गई।

रिलायंस इंडस्ट्रीज 100 अरब डॉलर वाली पहली भारतीय कंपनी
टीसीएस से पहले 18 अक्टूबर 2007 को रिलायंस इंडस्ट्रीज 100 बिलियन डॉलर क्लब में शामिल हुई थी। उस वक्त डॉलर 40 रुपए के आसपास था और कंपनी की मार्केट वैल्युएशन करीब 4.11 लाख करोड़ रुपए थी। वहीं टीसीएस ने जिस दिन ये मुकाम हासिल किया उस दिन एक डॉलर की कीमत 66.16 रुपए आंकी गई।

भारत की टॉप 5 वैल्युएशन वाली कंपनियां
कंपनी                  मार्केट कैप (रुपए)
टीसीएस                    7 लाख करोड़

रिलायंस इंडस्ट्रीज       5.84 लाख करोड़
एचडीएफसी बैंक       5.20 लाख करोड़
हिंदुस्तान यूनिलीवर    3.42 लाख करोड़
आईटीसी                 3.31 लाख करोड़

एक महीने में 6% और 6 महीने में 35% रिटर्न दिया
टीसीएस का शेयर पिछले 6 महीने से शानदार प्रदर्शन कर रहा है। 6 महीने में इसने 35% रिटर्न दिया है। वहीं पिछले 23 अप्रैल से अब तक शेयर 3415 रुपए से 3641 तक पहुंच गया है। इस तरह एक महीने में 6% का मुनाफा दिया है।

रुपए में गिरावट का फायदा
देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनी टीसीएस को डॉलर के मुकाबले रुपए में गिरावट से फायदा हुआ है।