यामाहा की तिपहिया बाइक लॉन्च, जानिए खूबियां

1204

यामाहा उन कंपनियों में से है जो फ्यूचर बाइक्स और इनसे जुड़ी तकनीक पर काफी काम करती है। लंबे इंतजार के बाद यामाहा ने अपनी तिपहिया बाइक निकेन को ब्रिटेन में लॉन्च कर दिया है। आइए, जानते हैं इसकी कीमत और खूबियों के बारे में…

ब्रिटेन में यामाहा निकेन की कीमत करीब 12.39 लाख रुपये रखी गई है। इसे वहां आॅनलाइन आॅर्डर किया जा सकता है।
इस बाइक को 2017 तोक्यो मोटर शो में पेश किया गया था। इस प्रीमियम थ्री वीलर को आॅर्डर करने वाले कस्टमर्स आॅर्डर कंफर्म होने के 14 दिन बाद डीलरशिप से इसे ले सकते हैं।

3 पहियों वाली यह स्पोर्ट्स बाइक एलएमडब्ल्यू यानी लार्ज लीनिंग मल्टी वील तकनीक से लैस है। एलएमडब्ल्यू एक खास तरह की तकनीक है जिसके जरिए बाइक को बेहतरीन ग्रिप मिलने के साथ ही हाई स्पीड में टर्न करने पर बैलेंस नहीं बिगड़ता है।

यामाहा Niken MT-09 नेक्ड स्पोर्ट्स बाइक पर बेस्ड है। इसके फ्रंट में दो पहिए और पीछे एक पहिया दिया गया है। इसमें 847सीसी, 3 सिलिंडर इंजन दिया गया है। यह इंजन 10,000 आरपीएम पर 114 बीएचपी का पावर और 8,500 आरपीएम पर 87.5 न्यूटन मीटर टॉर्क जेनरेट करता है।

तीन पहियों वाली बाइक कोई नया कॉन्सेप्ट नहीं है लेकिन यामाहा निकेन का लीन फंक्शन इसे अन्य तिपहिया बाइक्स से अलग बनाता है। इस बाइक का वजन 262 किलोग्राम है। यह किसी अन्य थ्री वीलर बाइक से तेज दौड़ेगी, ऐसा कंपनी का दावा है। फीचर्स के लिहाज से देखें तो यामाहा निकेन में 15-इंच के फ्रंट वील्ज हैं।

ये ड्यूल-ट्यूब अपसाइड-डाउन फोर्क्स के साथ लगाए गए हैं। इनकी मदद से बाइक को बैलेंस किया जा सकता है। बाइक की लंबाई 2150mm है, चौड़ाई 885mm और ऊंचाई 1250mm है। इसके साथ ही बाइक में ट्रिपल सिलेंडर इंजन दिया गया है।