सलमान ने जेल का खाना नहीं खाया, लेकिन नहीं छोड़ी कसरत

840

जोधपुर। जोधपुर सेंट्रल जेल के कैदी नंबर 106 सलमान खान ने गुरुवार को रात का खाना नहीं खाया। सलमान ने जेल में रात को बनी खिचड़ी और चने खाने से इनकार कर दिया। यह भोजन शुक्रवार को सुबह अन्य कैदियों को दिया गया। हालांकि सलमान ने भले ही खाना नहीं खाया हो लेकिन उन्होंने अपना वर्कआउट मिस नहीं किया। सलमान के लिए रोजाना कसरत करना जुनून की तरह है।

एक जेल के अधिकारी ने बताया, शुक्रवार शाम को जेल के वॉर्ड नंबर 2 में सलमान ने लगभग 3 घंटे तक कसरत की। उन्होंने इस दौरान क्रंचेज, पुश-अप्स, स्किपिंग, जंपिंग जैसी कुछ एक्सरसाइज कीं। इससे पहले गुरुवार को सलमान को बेचैनी की शिकायत थी। उस समय जेल के एक सीनियर अधिकारी ने उनसे डॉक्टर के लिए भी पूछा था।

इसके बाद सलमान चुपचाप चटाई पर लेट गए थे। जेल सुपरिंटेंडेंट विक्रम सिंह ने बताया, ‘आधी रात के करीब सलमान सोने चले गए और सुबह 6.30 बजे कुछ मिनटों के लिए उठे जब जेल का सायरन बजा था। उसके बाद सलमान दोबारा सो गए और फिर सुबह 8.30 बजे उठे।’

उन्होंने बताया कि जेल में सलमान को सिलेब्रिटी होने के आधार पर कोई रियायत नहीं दी गई है। शुक्रवार को सुबह नाश्ते में स्प्राउट बींस, दूध दिया गया, वह भी उन्होंने नहीं खाया। इसकी जगह उन्होंने जेल कैंटीन से दूध और ब्रेड का नाश्ता ऑर्डर देकर मंगाया। इसके लिए सलमान की फैमिली ने जेल कैंटीन में 400 रुपये जमा करवाए थे। हालांकि लंच में दाल, चपाती और मिक्स्ड वेज खाया। सलमान ने जेल के कपड़े पहनने से भी इनकार कर दिया।

उधर, सलमान की सजा के विरोध में फैन्स ने शुक्रवार को रांची में गांधीजी की मूर्ति के आगे अनशन किया। शुक्रवार को सुनवाई के बाद ऐक्ट्रेस प्रीति जिंटा ने भी जेल में सलमान से मुलाकात की। इस बीच, सलमान के वकील महेश बोरा ने आरोप लगाया कि उन्हें केस छोड़ने के लिए धमकी दी जा रही है।