रेलवे के सफर में अब आप भी ले सकेंगे लग्जरी सलून का मजा

    866

    रेलवे के सलून में अब आम लोग भी लग्जरी सफर कर सकेंगे। शुक्रवार से इसकी शुरुआत हो गई। रेलवे ने इस सर्विस को होम ऑन वील नाम दिया गया है। अब तक सलून का इस्तेमाल मंत्री और अधिकारी ही करते थे।

    आईआरसीटीसी ने पहला मैजिस्टिक सलून दिल्ली से कटरा के लिए बुक किया। इसे 6 पैसेंजरों के लिए 2 लाख रुपये में बुक करवाया गया। 4 दिन की ट्रिप 30 मार्च से 2 अप्रैल को दिल्ली आकर खत्म होगी। आईआरसीटीसी के अनुसार, पॉलिसी बनने के बाद शुक्रवार को पहला सलून शाम 7:45 बजे पुरानी दिल्ली से कटरा के लिए रवाना हुआ। इसे जम्मू मेल में लगाया गया था।

    सलून की खासियत यह है कि इसमें 2 बेडरूम हैं, जिनमें अटैच्ड बाथरूम हैं। इनमें से एक ट्विन बेडरूम और दूसरा फर्स्ट एसी कूपे की तर्ज पर है। अटैच बाथरूम में गर्म और ठंडा पानी उपलब्ध है। इसके अलावा लिविंग कम डाइनिंग रूम, किचन, रिअर विंडो भी हैं। सलून को बेहतर लुक देने के लिए इसके विंडो का साइज बड़ा रखा गया है। रंग-बिरंगे परदे लगाए गए हैं।

    सलून में आईआरसीटीसी खाना भी उपलब्ध करवाएगी। पैसेंजर चाहें तो उन्हें कुकिंग के लिए रॉ मटिरियल, हाउस कीपिंग, वेले सर्विस सुविधाएं भी मिलेंगी। सलून में एक एसी अटेंडेंट और एक सलून अटेंडेंट भी साथ रहेगा। एक सलून में 18 लोग सफर कर सकते हैं। इसका किराया ट्रेन के फर्स्ट एसी टिकट से 18 गुना ज्यादा है।