कानूनी प्रक्रिया लगभग पूरी, श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को मुंबई लाने की अनुमति

1047

नई दिल्ली। मशहूर अदाकारा श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को भारत लाने का रास्ता लगभग साफ हो चुका है। बताया जा रहा है कि दुबई पब्लिक प्रॉसिक्यूशन डिपार्टमेंट ने श्रीदेवी की मौत के मामले में कानूनी प्रक्रियाओं को लगभग पूरा कर लिया है। इतना ही नहीं, श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को दुबई से मुंबई लाने की अनुमति भी मिल गई है।

कभी भी इसकी आधिकारिक घोषणा हो सकती है। पब्लिक प्रॉसिक्यूशन डिपार्टमेंट इस मामले में जल्द ही अपनी रिपोर्ट जारी करने वाला है। इस संबंध में एक चीज स्पष्ट है कि अबतक फाइनल क्लियरंस लेटर परिजनों को नहीं मिला है और संभावना है कि जल्द ही मिल जाएगा।

पब्लिक प्रॉसिक्यूशन की सोमवार से ही चल ही कानूनी प्रक्रिया लगभग पूरी हो गई है। रिपोर्ट के मुताबिक अर्जुन कपूर भी दुबई जा रहे हैं। अर्जुन कपूर बोनी कपूर की पहली पत्नी के बेटे हैं। श्रीदेवी बोनी कपूर की दूसरी पत्नी थीं।  सूत्रों के हवाले से बताया है कि श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को अब भारत ला पाना मुमकिन हो पाएगा।

रिपोर्ट के मुताबिक अब श्रीदेवी के शव को जनरल डिपार्टमेंट ऑफ फरेंसिक एविडेंस से निकालकर लेपन के लिए ले जाया जाएगा। बताया जा रहा है कि इस प्रक्रिया में एक घंटे के आसपास का समय लग सकता है।

3 घंटे के भीतर मिल जाएगा श्रीदेवी का शव
मेडिकल डिपार्टमेंट ने इस बात की पुष्टि कर दी है कि श्रीदेवी का शव लेपन के लिए भेजा जा रहा है। हालांकि दुबई पुलिस का कहना है कि जांच प्रक्रिया चल रही है। रिपोर्ट के मुताबिक 2 से 3 घंटे के भीतर श्रीदेवी का शव दुबई में मौजूद परिजनों को सौंप दिया जाएगा। इसके बाद पार्थिव शरीर को भारत लाया जा सकेगा।

श्रीदेवी का परिवार, बॉलिवुड के तमाम सेलिब्रिटीज और उनके प्रशंसक शनिवार से ही उनके अंतिम दर्शन के लिए मुंबई में जुटे हैं। दुबई में भारतीय दूतावास के अधिकारी भी श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत लाने के लिए तमाम संभव कोशिशों में जुटे हुए हैं। शनिवार शाम को दुबई के होटल में श्रीदेवी की मौत हो गई थी।

दुबई पुलिस ने इस मामले की जांत कर क्लियरंस देते हुए बताया था कि श्रीदेवी बेसुध होकर बाथटब में गिर गईं थीं और डूबने से उनकी मौत हो गई। हालांकि दुबई के नियमों के मुताबिक किसी भी प्रवासी की मौत (प्राकृतिक या अप्राकृतिक मौत) की स्थिति में पुलिस जांच के बाद केस पब्लिक प्रॉसिक्यूशन को ट्रांसफर किया जाता है।

हालांकि स्थानीय मीडिया ने दुबई पुलिस के हवाले से यह भी दावा किया था कि श्रीदेवी के शरीर में शराब के अंश पाए गए थे। राज्यसभा सांसद अमर सिंह और सुब्रमण्यन स्वामी, दोनों ने ही दावा किया था कि श्रीदेवी हार्ड ड्रिंक्स लेती ही नहीं थीं। बीजेपी सांसद स्वामी ने तो एक कदम आगे बढ़कर श्रीदेवी मौत मामले में उनकी हत्या की आशंका जताई थी।