उपचुनाव का ट्रेलर कल सांगोद में दिखेगा, अशोक गहलोत आएंगे

1130

कोटा। राज्य में उपचुनाव का ट्रेलर 30 जनवरी को सांगोद के उम्मेद सिंह स्टेडियम में आयोजित जनसभा में दिखेगा। सभा को पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत संबोधित करेंगे। सभा में बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस में शामिल होंगे। ये बात रविवार को पूर्व मंत्री भरत सिंह ने मीडिया से बातचीत में कही।

पूर्व मंत्री सिंह ने कहा कि 30 जनवरी को सांगोद में गांधीजी की प्रतिमा को तोड़ दिया था। इस मामले में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद पुलिस ने दोषियों पर कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा कि 30 जनवरी को सांगोद में होने वाली जनसभा में कोटा, बूंदी, बारां व झालावाड़ से लोग पहुंचेंगे।

उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा के नाम पर लोगों को जो पेंशन मिल रही थी, उनके 63 लाख रुपये बकाया हैं।प्रधानमंत्री आवास योजना में 4 लाख 84 हजार टारगेट था। लेकिन, 96,000 ही अधूरे बने हैं। निर्भया फंड के लिए 3100 करोड़ रुपये खर्च करने की बात कही गई थी, लेकिन 90 प्रतिशत फंड का उपयोग नहीं किया गया।

महिलाओं से होने वाले क्राइम में 40 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री व राज्य के गृह मंत्री इन मुद्दों पर चुप हैं। पीसीसी महामंत्री पंकज मेहता व पीसीसी सदस्य डॉ. इकराम ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत 29 जनवरी की शाम को कोटा पहुंच जाएंगे। यहां उनका स्वागत किया जाएगा।

किसानों की आमदनी दोगुनी का वादा झूठा : किसानों की आमदनी दोगुना करने का सरकार का वादा झूठा साबित हुआ है। किसान परेशान हैं। फसलों के लिए समर्थन मूल्य घोषित कर दिया गया, लेकिन उस मूल्य पर खरीद नहीं हुई। किसान लुटा हुआ महसूस कर रहा है।