लगातार छठे सेशन में मार्केट रिकॉर्ड हाई पर बंद

610

नई दिल्ली।  एफएंडओ एक्सपायरी के पहले बुधवार को शेयर बाजार की सपाट क्लोजिंग हुई।  लगातार छठवें सेशन में बाजार ने नई ऊंचाइयों को छुआ। आईटी और फार्मा शेयरों में तेजी से मार्केट एक बार फिर रिकॉर्ड हाई पर बंद हुआ। सेंसेक्स 22 अंक बढ़कर 36,161 अंक पर और निफ्टी 2 अंक उछलकर 11,086 अंक पर बंद हुआ।

कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 36,268.19 और निफ्टी ने 11,110.10 अंक को छुआ। ग्लोबल संकेतों से बुधवार को बाजार की सुस्त शुरुआत हुई थी। इसके बाद बाजार में खरीददारी बढ़ी जिससे मार्केट रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। लेकिन ऊपरी स्तर पर प्रॉफिट बुकिंग की वजह से बाजार में बढ़त कायम नहीं रह सकी।

दिन भर बाजार में उतार-चढ़ाव भरा कारोबार देखने को मिला। हैवीवेट शेयरों रिलायंस इंडस्ट्रीज औऱ आईसीआईसीआई बैंक में मुनाफावसूली देखने को मिली। जिससे बाजार पर दबाव बना।
 
क्या हुआ था मंगलवार को? 
मंगलवार को पहली बार सेंसेक्स 36,000 और निफ्टी 11,000 के पार पहुंच गया था। सेंसेक्स की यह अब तक की सबसे तेज रैली रही थी।

महज 4 ट्रेडिंग डे में एक हजार अंक से ज्यादा चढ़ा। निफ्टी को 10 हजार से 11 हजार तक पहुंचने में 6 महीने लगे। बाद में शाम को सेंसक्स 341.97 अंक की तेजी के साथ 36,139.98 पर और निफ्टी 117 की बढ़त पर 11,083.70 पर बंद हुआ था। 
 
मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स गिरे
उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में कमजोरी देखने को मिली। बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 0.57 फीसदी टूटकर 17976 अंक पर बंद हुआ।
वहीं बीएसई के स्मॉलकैप इंडेक्स में 0.90 फीसदी की गिरावट रही।
 
आईटी इंडेक्स 1.68 फीसदी बढ़ा, मेटल-ऑटो इंडेक्स टूटे
सेक्टोरल इंडेक्स में निफ्टी आईटी इंडेक्स में सबसे ज्यादा बढ़त दर्ज की गई। इंडेक्स 1.68 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुआ। वहीं निफ्टी मेटल इंडेक्स में सबसे ज्यादा 1.67 फीसदी की गिरावट रही, जबकि निफ्टी ऑटो इंडेक्स 0.51 फीसदी गिरा। इसके अलावा निफ्टी एफएमसीजी इंडेक्स में 0.33 फीसदी, निफ्टी फार्मा में 0.72 फीसदी और निफ्टी रियल्टी में 0.08 फीसदी की तेजी दिखी।
 
एयरटेल-आइडिया के स्टॉक 6.5% तक टूटे
 रिलायंस जियो का रिपब्लिक डे ऑफर दूसरी टेलिकॉम कंपनियों के स्टॉक्स के लिए खासा भारी पड़ा। बुधवार को भारती एयरटेल और आइडिया के स्टॉक्स में 6.5 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।

भारती एयरटेल का शेयर लगभग 6 फीसदी गिरकर 461 रुपए पर आ गया और आइडिया सेल्युलर का शेयर लगभग 6.50 फीसदी गिरकर 93 रुपए पर आ गया।
 
Idea को 1285 करोड़ रुपए का नुकसान
आइडिया सेल्युलर को लगातार 5वीं तिमाही में नुकसान उठाना पड़ा है। दिसंबर में समाप्त क्वार्टर के दौरान मोबाइल ऑपरेटर का नुकसान बढ़कर 1285 करोड़ रुपए तक पहुंच गया, जबकि बीते साल समान तिमाही के दौरान कंपनी को 384 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है।
 
पिछले रिकॉर्ड हाई लेवल
23 जनवरी: निफ्टी पहली बार 11000 के लेवल को पार करते हुए 11,092.90 के स्तर पर पहुंचा। वहीं सेंसेक्स भी 36170.83 के हाई पहुंच गया।
22 जनवरी:  सेंसेक्स 35827.70 की नई ऊंचाई पर पहुंचा। वहीं निफ्टी ने 10,975.10 के नए लेवल को छुआ।
19 जनवरी: निफ्टी ने 10900 के आंकड़े को पार करते हुए 10906.85 के लेवल पर पहुंचा। वहीं सेसेक्स भी 35542.17 प्वाइंट्स की नई ऊंचाई पर पहुंचा।
17 जनवरी: सेंसेक्स 35118.61 की नई ऊंचाई पर पहुंचा। निफ्टी ने भी पहली बार 10803 के लेवल को छुआ। 
15 जनवरी: निफ्टी 10782.65 के नए रिकॉर्ड पर पहुंचा, जबकि सेंसेक्स ने 34963.69 के लेवल को छुआ।
12 जनवरी: सेंसेक्स ने 34638.42 की नई ऊंचाई पर पहुंचा। वहीं, निफ्टी 10690.25 प्वाइंट्स तक पहुंचा।
11 जनवरी: निफ्टी ने 10664.60 का ऑलटाइम हाई बनाया था।
09 जनवरी: को सेंसेक्स ने ऊंचाई का नए लेवल 34565.63 प्वाइंट्स को छुआ।
08 जनवरी: को सेंसेक्स ने 34487.52 प्वाइंट्स का लेवल छुआ, वहीं निफ्टी 10631.20 की ऊंचाई तक गया था।
5 जनवरी: 2018 को सेंसेक्स 34175 और निफ्टी 10566.10 प्वाइंट्स तक गया था।