कर्नाटक देश का सबसे भ्रष्ट राज्य : सर्वे

776

नई दिल्ली। देश के जिन राज्यों में सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार है, उनकी सूची में कर्नाटक टॉप पर है। इस बात का खुलासा एक एनजीओ के सर्वे में हुआ है। सरकारी कामों को कराने के लिए दिए जाने वाले घूसों के आधार पर भ्रष्ट राज्यों की सूची तैयार की गई है।

सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार वाले राज्यों में कर्नाटक के बाद आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर और पंजाब का नंबर है। हिमाचल प्रदेश, केरल और छत्तीसगढ़ सबसे कम भ्रष्टाचार वाले राज्यों की सूची में हैं। यह सर्वे सेंटर फॉर मीडिया स्टडीज ने कराया है। सर्वे में 20 राज्यों के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के 3,000 लोगों की राय ली गई।

सर्वे रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले एक साल के दौरान कम से कम एक बार करीब एक तिहाई लोगों को सरकारी काम कराने के दौरान भ्रष्टाचार का सामना करना पड़ा। 2005 में इसी तरह की एक स्टडी के दौरान 53 फीसदी लोगों ने घूस देने की बात स्वीकार की थी। रिपोर्ट में इस बात का भी उल्लेख किया गया है कि आधे से ज्यादा लोगों ने यह स्वीकार किया कि नवंबर और दिसंबर 2016 में नोटबंदी के दौरान पब्लिक सर्विसेज में भ्रष्टाचार में काफी गिरावट आई थी।