राजस्थान के सरकारी दफ्तरों में सिक्स डे वीक जल्द ही : वसुंधरा

1009

मौजूदा समय में पांच दिन का सप्ताह महज चार दिन का रह गया है, दफ्तरों में शुक्रवार दोपहर से सोमवार दोपहर तक ज्यादातर कर्मचारी नहीं मिलते

अजमेर। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि सरकारी दफ्तरों में अब जल्द ही सिक्स डे वीक शुरू होगा। मौजूदा समय में पांच दिन का सप्ताह महज चार दिन का रह गया है। हालत ये है कि दफ्तरों में शुक्रवार दोपहर से सोमवार दोपहर तक ज्यादातर कर्मचारी नहीं मिलते।

इससे जनता को परेशानी का सामना करना पड़ता है। वे अजमेर जिले के दौरे के दौरान किशनगढ़ में सर्व समाज के प्रतिनिधियों से रूबरू थीं। उन्होंने कहा कि सरकार वेतनभत्तों और सुविधाओं को और बेहतर कर रही है। बावजूद इसके ज्यादातर कर्मचारी काम नहीं कर रहे हैं।

राजे ने कहा कि अगर कर्मचारी हड़ताल पर जाएं तो जनता भी खड़ी हो जाए तो फिर डरने की जरूरत नहीं है। जनता सही का साथ दे। सरकार जनता की परेशानी समझ रही है, इसलिए जल्द ही दफ्तरों में अब हफ्ते में छह दिन काम होगा।

किशनगढ़ एयरपोर्ट के उद्घाटन की तारीख 11 को तय होगी
उन्होंने कहा कि, राज्य सरकार ने अब तक किशनगढ़ में 700 करोड़ रुपए के विकास कार्य कराए हैं। किशनगढ़ एयरपोर्ट के उद्घाटन के बारे में उनका कहना था कि इसके उद्घाटन की तिथि 11 अक्टूबर को केंद्र सरकार से बातचीत के बाद तय होगी। 

टोल और जीएसटी की समस्या को केंद्र तक पहुंचाएंगे
मुख्यमंत्री से बातचीत के दौरान व्यापारियों ने जीएसटी का मामला भी उठाया। उन्होंने कहा कि जीएसटी मामले में जो संकट है उस बारे में जानकारी है।

बजट का जो बी-पार्ट है जिससे सरकार को राजस्व मिलता है वह अब केंद्र सरकार का पार्ट है। इस बारे में सबके साथ मिलकर केंद्र सरकार से बात की जाएगी।

वहीं नेशनल हाइवे पर लगने वाले टोल को लेकर लोगों की परेशानियों के संबंध में भी केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से चर्चा की जाएगी।